झारखंड के ऑटो-रिक्शा चालक का फिरौती के लिए अपहरण, बिहार से मुक्त कराया गया, दो आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के ऑटो-रिक्शा चालक का फिरौती के लिए अपहरण, बिहार से मुक्त कराया गया, दो आरोपी गिरफ्तार
चतरा, 18 सितंबर (भाषा) झारखंड के चतरा जिले से कथित तौर पर फिरौती के लिए अगवा कर लिये गये एक रिक्शा चालक को पड़ोसी राज्य बिहार से सकुशल मुक्त कराया गया तथा इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पीड़ित तिलक यादव के लापता होने की शिकायत उसके भाई ने 16 सितंबर को सदर थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तकनीकी प्रकोष्ठ की मदद से यादव के मोबाइल फोन के आधार पर यह पता पता लगाया कि वह कहां है और फिर उसे मुक्त कराया।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने कहा, ‘‘हमने बृहस्पतिवार रात बिहार के गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र में इतवा गांव के पास चैलिखर नदी के किनारे घने जंगल में स्थित एक सुनसान मकान से यादव (32) को मुक्त कराया। इस घटना में कुल पांच लोग शामिल थे। पुलिस ने अब तक दो अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया है।’’
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्हें लगा था कि यादव काफी संपन्न है, इसलिए उन्होंने फिरौती के लिए उसका अपहरण करने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा जिले के महुड़ा गांव निवासी कैलाश डांगी (47) और गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के पटसुका गांव निवासी मनोज कुमार (23) के रूप में हुई है।
चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सनी वर्धन ने बताया कि मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मनोज बिहार में शराब तस्करी के एक मामले में पहले जेल जा चुका है, जबकि कैलाश भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


