झारखंड: सीआईडी ने भर्ती परीक्षा में अनियमितता के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

झारखंड: सीआईडी ने भर्ती परीक्षा में अनियमितता के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

झारखंड: सीआईडी ने भर्ती परीक्षा में अनियमितता के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया
Modified Date: September 25, 2026 / 10:25 am IST
Published Date: September 25, 2026 10:25 am IST

रांची, 25 सितंबर (भाषा) झारखंड पुलिस की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने जेएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा-2023 में कथित अनियमितताओं के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मनु कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के सारण जिले के देवरिया का निवासी है।

उन्होंने बताया कि सिंह ने कथित तौर पर जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में शामिल कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ दिलाने में मदद की थी। इनमें से कुछ अभ्यर्थी बाद में परीक्षा में सफल भी हुए।

अधिकारी ने बताया कि सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही इस कथित परीक्षा अनियमितता मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

सीआईडी ने दो आरोपियों कुंदन कुमार और समीर कुमार को भी रिमांड पर लिया है।

नौकरी के अभ्यर्थियों ने 25 जुलाई से विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था। उनकी मांग थी कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द किया जाए और कथित अनियमितताओं की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराई जाए।

प्रदर्शनों के बाद 18 अगस्त को राज्य सरकार ने जेएसएससी-सीजीएल-2023 समेत कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी। इसके बाद अभ्यर्थियों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था।

हालांकि, परीक्षा में सफल हुए कुछ अभ्यर्थियों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड उच्च न्यायालय ने बाद में राज्य सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले पर रोक लगा दी।

भाषा शोभना संतोष

संतोष


लेखक के बारे में