झारखंड: ग्रामीणों ने बुजुर्ग व्यक्ति को जादू टोने के शक में पेशाब पीने के लिए मजबूर किया

झारखंड: ग्रामीणों ने बुजुर्ग व्यक्ति को जादू टोने के शक में पेशाब पीने के लिए मजबूर किया

झारखंड: ग्रामीणों ने बुजुर्ग व्यक्ति को जादू टोने के शक में पेशाब पीने के लिए मजबूर किया
Modified Date: March 19, 2026 / 07:25 am IST
Published Date: March 19, 2026 12:45 am IST

लातेहार, 18 मार्च (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में ग्रामीणों के एक समूह ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को ‘जादू टोना करने वाला’ करार देने के बाद उसे पेशाब पीने के लिए मजबूर किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित के बेटे बृजेश मुंडा ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना मंगलवार को नेतरहाट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दौना गांव में हुई।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी जबरन ऐसा करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। वहीं, एक स्वास्थ्यकर्मी हीना देवी को ग्रामीणों की इस हरकत का विरोध करने पर पीटा गया और भगा दिया गया।

मुंडा ने दावा किया कि यह हमला हाल में एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह उसके पिता के कथित काले जादू के कारण हुआ था।

इसके बाद 15 ग्रामीणों के एक समूह ने बैठक बुलाई और कथित हमले से पहले उसके पिता को जादू टोना करने वाला करार दिया।

हीना देवी के पति वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि इस घटना के दौरान उनकी पत्नी को पीटा गया था।

मुंडा ने बताया कि बुधवार को पीड़ित ने नेतरहाट पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उसे कथित तौर पर वापस भेज दिया गया।

पुलिस निरीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है।

पुलिस की एक टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ की है, लेकिन घटना की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि अब तक कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

भाषा तान्या सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 8 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।