महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग को लेकर झारखंड महिला कांग्रेस ने पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया

महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग को लेकर झारखंड महिला कांग्रेस ने पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया

महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग को लेकर झारखंड महिला कांग्रेस ने पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया
Modified Date: April 30, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: April 30, 2026 7:02 pm IST

रांची, 30 अप्रैल (भाषा) झारखंड महिला कांग्रेस ने लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों की संख्या के आधार पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, 2023 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को राज्य में ‘पोस्टकार्ड अभियान’ शुरू किया।

पार्टी ने अपनी मांगों को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित 10,000 पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य रखा है।

झारखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रमा खलखो ने रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस अभियान का उद्देश्य वर्तमान लोकसभा सीट के आधार पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, 2023 को तुरंत लागू करने और इस आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी की महिलाओं को शामिल करने के लिए दबाव बनाना है।’’

उन्होंने कहा कि सभी जिलों की महिला शाखा की अध्यक्षों को महिला आरक्षण के संबंध में भाजपा के ‘‘भ्रामक प्रचार’’ के खिलाफ जागरूकता फैलाने और ब्लॉक स्तर से प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजना सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खलखो ने कहा, ‘‘पार्टी का लक्ष्य देश भर से 10 लाख महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भिजवाना है। हमने झारखंड से 10,000 से अधिक पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य रखा है।’’

भाषा सुमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में