झारखंड: हजारीबाग में भाई-बहन की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
झारखंड: हजारीबाग में भाई-बहन की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
हजारीबाग, तीन जून (भाषा) झारखंड पुलिस ने बुधवार को हजारीबाग जिले में 27 मई से लापता दो बच्चों का कथित तौर पर अपहरण और हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंदूर पंचायत भवन के पास स्थित एक जलाशय के पास से दोनों भाई-बहन के शव बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि 11 वर्षीय लड़की का शव 31 मई को मिला था, जबकि उसके तीन वर्षीय भाई का शव सोमवार को बरामद किया गया।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने बताया, “आरोपी संजीत पासवान को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को उस समय गिरफ्तार किया जब वह भागने की कोशिश कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद उसकी पहचान हुई, जिसमें वह लड़की के साथ स्कूटर पर नजर आ रहा था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।”
एसपी ने बताया कि आरोपी की उस लड़की से जान-पहचान हो गई थी। वह अपने छोटे भाई के साथ उस शोरूम के पास खिलौने और गुब्बारे बेचा करती थी, जहां आरोपी पिछले दो महीनों से काम कर रहा था।
अधिकारी ने बताया, घटना वाले दिन उसने बच्चों को खाना खिलाने के बहाने स्कूटर पर बिठाया। फिर वह उन्हें पंचायत भवन के पास एक श्मशान घाट ले गया, जहां उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। जब लड़की ने विरोध किया और चिल्लाई, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसके भाई को भी मार डाला।
आरोपी सिंदूर गांव का रहने वाला है। उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर से स्कूटर और अपराध में इस्तेमाल किया गया प्लास्टिक का बोरा बरामद किया।
पीड़ित का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है और बाजारों में खिलौने और गुब्बारे बेचकर अपना जीवन यापन करता है, जिसमें दोनों बच्चे उनकी मदद करते हैं।
भाई-बहनों के पिता ने उनके लापता होने के दो दिन बाद, 29 मई को कटकमदाग पुलिस थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


