झारखंड: नशे में हुई कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपने पिता की हत्या कर दी

झारखंड: नशे में हुई कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपने पिता की हत्या कर दी

झारखंड: नशे में हुई कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपने पिता की हत्या कर दी
Modified Date: May 13, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: May 13, 2026 9:22 pm IST

पाकुड़, 13 मई (भाषा) झारखंड के पाकुड़ जिले में शराब पीते समय हुई कहासुनी में 40-वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार रात टाउन थाना क्षेत्र के किट्टाझोर में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दिवाकर सरदार ने अपने पिता अनूप सरदार (65) पर कथित तौर पर दरांती से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब दोनों अपने घर पर देसी शराब पी रहे थे और उनके बीच कहासुनी हो गयी।

टाउन थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया, ‘‘गुस्से में आकर आरोपी ने अपने पिता पर दरांती से हमला कर दिया, जिससे उसे (पिता को) गंभीर चोटें आयी। अत्यधिक खून बहने के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गयी।’’

आरोपी की पुत्री, वर्षा सरदार ने बुधवार सुबह थाने में शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया तथा अपराध में इस्तेमाल हुआ हथियार भी बरामद कर लिया।

गुप्ता ने बताया, ‘‘शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।’’

पुलिस के मुताबिक, मृतक को तीन बच्चे हैं, जिनमें दो विवाहित बेटियां शामिल हैं। आरोपी दिवाकर परिवार में सबसे छोटा है।

उसके अनुसार, वर्षा ने आरोप लगाया कि उसका पिता अक्सर नशे की हालत में परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करता था। परिवार लंबे समय से घरेलू हिंसा झेल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, वर्षा ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी को आग लगाकर मारने की कोशिश की थी।

भाषा

सं सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में