झारखंड पुलिस ने शरीर के अंग बरामद किए, इनके 18 माह की लापता बच्ची के अवशेष होने की आशंका

झारखंड पुलिस ने शरीर के अंग बरामद किए, इनके 18 माह की लापता बच्ची के अवशेष होने की आशंका

झारखंड पुलिस ने शरीर के अंग बरामद किए, इनके 18 माह की लापता बच्ची के अवशेष होने की आशंका
Modified Date: May 12, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: May 12, 2026 8:39 pm IST

रांची, 12 मई (भाषा) झारखंड के रांची में चार दिन पहले अपने घर से कथित तौर पर लापता हुई 18 महीने की बच्ची की तलाश के लिए चलाए गए अभियान के दौरान मंगलवार को खुले नाले से एक बच्ची के शरीर के कुछ अंग बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शरीर के अंगों को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला में भेज दिया गया है और यह पता लगाने के लिए डीएनए परीक्षण भी किया जाएगा कि क्या ये अंग लापता बच्ची के हैं?

शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खोरहा टोली स्थित अपने घर से बच्ची लापता हो गई।

रांची शहर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पारस राणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने इलाके में तलाश अभियान के दौरान दो हड्डियां और मांस के टुकड़े बरामद किए। अवशेषों को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक अधिकारियों को सौंप दिया गया है। आशंका है कि ये अवशेष लापता बच्ची के ही हैं। डीएनए परीक्षण भी किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अवशेष लापता बच्ची के ही हैं। हालांकि, पुलिस और एनडीआरएफ का तलाश अभियान अब भी जारी है।”

राणा ने बताया कि बच्ची का घर खुले नाले से महज छह फुट की दूरी पर स्थित है। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण करने पर पता चला कि घटना वाले दिन लड़की घर से बाहर नहीं निकली थी। इसी वजह से लड़की के नाले में गिरने का संदेह है।

हालांकि, पुलिस अब भी बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए तलाश कर रही है और इसके लिए बच्ची की जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को पीड़िता के परिवार से मुलाकात की और उन्हें बच्ची के जल्द सुरक्षित घर वापस आने का आश्वासन दिया।

रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया और रांची पुलिस को बच्ची का पता लगाने के प्रयासों को तेज करने का निर्देश दिया।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में