झारखंड: व्यक्ति का सिर धड़ से अलग करने और हाथ-पैर काटने के मामले में छह लोग गिरफ्तार
झारखंड: व्यक्ति का सिर धड़ से अलग करने और हाथ-पैर काटने के मामले में छह लोग गिरफ्तार
चाईबासा, चार अगस्त (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में 30 साल के एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग कर उसके हाथ-पैर काटने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी बहमन टुटी ने यहां एक प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अरगुंडी गांव में कोट्सोना नदी में व्यक्ति का धड़ तैरता हुआ मिला था।
उन्होंने बताया कि मृतक की शारीरिक बनावट और ग्रामीणों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर शव की पहचान स्थानीय निवासी जॉन गगराई के रूप में हुई।
अधिकारी ने बताया कि श्वान दस्ते को तैनात किया गया और उसके कटे हुए हाथ-पैर पास ही पड़े मिले।
मृतक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज की गई और दोषियों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई।
अधिकारी ने बताया कि जॉन के साथ शनिवार रात को देखे गये उदय जमुंडा को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान जमुंडा ने कबूल किया कि उसने आठ अन्य लोगों के साथ मिलकर पुरानी दुश्मनी के कारण जॉन की हत्या कर दी और कुल्हाड़ी एवं दरांती से उसका सिर, हाथ और पैर काट दिए।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि अपराध करने के बाद सबूत छिपाने के लिए उन्होंने शव को नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि जमुंडा से मिली जानकारी के आधार पर, सोमवार शाम को अपराध स्थल के पास एक कुएं से सिर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उदय जमुंडा और पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की पहचान अरगुंडी गांव के रहने वाले सालुका जमुदा (50), बिरसिंह जमुदा (23), रामसिंह जमुदा उर्फ सिकंदर जमुदा (48), गणेश जमुदा (40) और नार्दे जमुदा (50) के तौर पर हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और दरांती भी जब्त कर ली तथा सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


