हजारीबाग, एक अप्रैल (भाषा) पुलिस ने झारखंड के हजारीबाग जिले में राम नवमी की शोभा यात्रा के दौरान 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में बुधवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह घटना 27 और 28 मार्च की दरमियानी रात को पेलावल चौकी के अंतर्गत आने वाले गडोखर गांव में उस समय हुई जब गडोखर शिव मंदिर से एक शोभा यात्रा निकाली जा रही थी।
मृतक की पहचान रामकुमार साहू उर्फ रामा साव के रूप में हुई है, जो स्थानीय मुखिया का भाई था।
हजारीबाग के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित आनंद ने बताया कि रामकुमार साहू ने आरोपियों को ‘डीजे वाहन’ से उतरने के लिए कहा, जिसके बाद कहासुनी हुई और उन्होंने पारंपरिक धारदार हथियार ‘भुजाली’ से उस पर हमला कर दिया।
शोभा यात्रा में उच्च क्षमता वाले स्पीकर ले जाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वाणिज्यिक ट्रक को ‘डीजे वाहन’ कहा जाता है।
आनंद ने कहा, “हमने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में चार लोग शामिल थे। शोभा यात्रा के दौरान उन्होंने पीड़ित पर धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया था। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।”
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी 18 वर्ष के हैं। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी उनमें से एक के घर से बरामद किया गया है।
आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौथा आरोपी 48 वर्षीय व्यक्ति है जो अब भी फरार है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी