झारखंड: फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के दो सहयोगी गिरफ्तार

Ads

झारखंड: फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के दो सहयोगी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 01:07 AM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 01:07 AM IST

चतरा, 11 जुलाई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के दो कथित सहयोगियों को रंगदारी और एक स्थानीय कारोबारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शुक्रवार रात चतरा थाना पुलिस ने बिहार पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया।

चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि दोनों आरोपी प्रिंस खान गिरोह के लिए रेकी करने और रंगदारी की रकम पहुंचाने में मदद करने में कथित रूप से शामिल थे।

नैथानी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर चतरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सनी वर्धन के नेतृत्व में एक टीम ने बिहार के भोजपुर जिले के कायम नगर थाना क्षेत्र के गिद्धा निवासी मोहम्मद अशफाक आलम (30) और धनबाद जिले के कादिर नगर थाना क्षेत्र के गोनोंडीह निवासी शादाब अंसारी (32) को गिरफ्तार किया।’’

उन्होंने बताया कि हंटरगंज निवासी कारोबारी प्रेमचंद सिंह ने इस साल की शुरुआत में शिकायत दर्ज कराई थी कि धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान ने फोन पर उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।

भाषा जितेंद्र शोभना

शोभना