रांची, 28 सितंबर (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में बृहस्पतिवार को एक आईईडी (एक तरह का विस्फोटक उपकरण) विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हवाई मार्ग से रांची लाया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) अमोल वी. होमकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दोनों जवान सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के हैं। उन्होंने बताया कि माओवादियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था जिसमें राज्य पुलिस का झारखंड जगुआर बल एवं जिला सशस्त्र पुलिस के जवान भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में तुम्बाहाका और सरजोबरु गांवों के बीच एक जंगल के समीप यह विस्फोट हुआ। अधिकारी के मुताबिक, इस विस्फोट में दो जवान घायल हुए हैं, जिन्हें वहां से निकाला जा रहा है।
बीते कुछ महीनों में इस तरह की घटनाओं में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। इसी इलाके में अगस्त में माआवादियों के साथ एक मुठभेड़ में झारखंड जगुआर बल के दो कर्मियों की मौत हो गई थी।
राज्य में इस साल अभी तक 16 मुठभेड़ें हुई हैं, जिनमें सुरक्षा बलों ने नौ माआवादियों को मार गिराया। इस साल जुलाई तक 236 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश