सुलतानपुर (उप्र), दो जून (भाषा) सुलतानपुर जिले के थाना बल्दीराय पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बल्दीराय थाना के प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ निवासी अनन्त कुमार शुक्ला के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पोस्ट प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में लोगों की नाराजगी बढ़ गई थी और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी।
सिंह ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज