जम्मू-कश्मीर: डीआईजी ने रियासी में शिव खोड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

Ads

जम्मू-कश्मीर: डीआईजी ने रियासी में शिव खोड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 05:10 PM IST

जम्मू, दो मई (भाषा) पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के शिव खोड़ी-रंसू क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।

अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी प्रणालियों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

उन्होंने रंसू-शिव खोड़ी-पौनी बेल्ट के तेरियाथ इलाके में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जहां नौ जून 2024 को आतंकवादियों ने तीर्थयात्रियों से भरी बस पर गोलीबारी की थी। इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य घायल हुए थे।

शिव खोड़ी मंदिर से कटरा जा रही 53 सीटों वाली बस भारी गोलीबारी के बाद सड़क से पौनी क्षेत्र के तेरियाथ गांव के पास गहरी खाई में गिर गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शर्मा ने रंसू, शिव खोड़ी और पौनी में तैनात पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैयारियों की समीक्षा की।

दौरे के दौरान शर्मा ने श्री शिव खोड़ी यात्रा के सुचारू व सुरक्षित संचालन के लिए समग्र सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिव खोड़ी भगवान शिव को समर्पित एक प्रसिद्ध प्राकृतिक गुफा मंदिर है, जो रियासी जिले में स्थित है। लगभग 200 मीटर लंबी इस गुफा में चार फुट ऊंचा प्राकृतिक शिवलिंग है, जहां हर साल विशेष रूप से महाशिवरात्रि के दौरान 15 से 20 लाख श्रद्धालु आते हैं।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल