शिवसेना और भाजपा 2029 का चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ सकते हैं: महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट

Ads

शिवसेना और भाजपा 2029 का चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ सकते हैं: महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 10:02 PM IST

मुंबई, दो मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री एवं शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शनिवार को कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में शामिल उनकी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी 2029 का विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ सकती हैं।

सामाजिक न्याय मंत्री शिरसाट ने कहा, ‘क्या भाजपा 2029 में अकेले चुनाव लड़ सकती है? बिल्कुल लड़ सकती है। क्या शिवसेना अकेले मैदान में उतर सकती है? हां, वह भी ऐसा कर सकती है। ऐसा कोई बंधन या समझौता नहीं है कि अगला चुनाव एक खास तरीके से ही लड़ा जाना चाहिए। शिवसेना-भाजपा गठबंधन (2014 में) सिर्फ एक सीट के विवाद के कारण टूटा था। पार्टियों का अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी करने में कुछ भी गलत नहीं है।’

उन्होंने कहा कि शिवसेना आने वाली चुनौतियों का सामना करने की ताकत रखती है।

शिरसाट के कैबिनेट सहयोगी और शिवसेना नेता उदय सामंत ने भी उनकी बातों का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है। सामंत ने कहा, ‘हर पार्टी को विस्तार करने का अधिकार है।’

भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के संभावित भविष्य को लेकर अपनी कैबिनेट के दो मंत्रियों के बयानों पर टिप्पणी मांगे जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस तरह के मामलों पर केवल उनके उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ही बोल सकते हैं।

फडणवीस ने कहा, ‘अगर एकनाथ शिंदे कोई बयान देते हैं तो मुझसे सवाल पूछा जा सकता है, अन्यथा यह सवाल पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता से पूछा जाना चाहिए।’

भाजपा नेता ने कहा, ‘हर पार्टी अपने तरीके से (चुनाव की) तैयारी करती है।’

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल