(तस्वीरों के साथ)
लखनऊ, दो मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लखनऊ महानगर एवं जिला इकाई ने नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के संकल्प के साथ शनिवार को यहां विशाल महिला मशाल आक्रोश मार्च निकाला, जो लोक भवन से शुरू होकर अटल चौक (हजरतगंज चौराहा) तक पहुंचा।
मशाल मार्च में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम अध्यक्ष कमलावती सिंह, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, जिला अध्यक्ष विजय मौर्य और महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुईं।
भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि इस जुलूस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक को भी शामिल होना था लेकिन अंतिम समय में उनके कार्यक्रमों में बदलाव होने से वे शामिल नहीं हो सके।
इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया । उन्होंने महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने वाला ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक, 2026’ 17 अप्रैल को लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था। मत विभाजन में विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 सदस्यों के समर्थन की जरूरत थी। मतदान में 528 सदस्य शामिल हुए।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के जरिए महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में ऐतिहासिक अधिकार दिया है, जिससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा और कांग्रेस जैसे दल, जो वर्षों सत्ता में रहे, उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कभी ठोस कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कहा कि आज जब भाजपा सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दे रही है, तो यही दल विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह उनका दोहरा चरित्र और महिला विरोधी मानसिकता दिखाता है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा के लिए महिला सशक्तीकरण सिर्फ नारा नहीं, संकल्प है तथा उज्ज्वला योजना, मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रमों से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया गया है।
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार