श्रीनगर, एक सितंबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर सरकार से केंद्र शासित प्रदेश में काम कर रहे प्रशिक्षु एमबीबीएस और बीडीएस चिकित्सकों का मानदेय मौजूदा 12,300 रुपये मासिक से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग की।
इल्तिजा श्रीनगर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में प्रशिक्षु चिकित्सकों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं और उनकी मासिक मानदेय बढ़ाने की मांग को ‘जायज’ करार देते हुए उनका समर्थन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत चिंता का विषय है कि जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा प्रशिक्षुओं पर काम का भारी बोझ होने के बावजूद, उन्हें देश में सबसे कम मानदेय मिलता है। प्रशिक्षुओं को अक्सर 12 से 48 घंटे तक लगातार काम करना पड़ता है और जम्मू-कश्मीर में उन्हें अक्सर बुनियादी छुट्टियां और पर्याप्त अवकाश भी नहीं दिया जाता है।’’
उन्होंने सरकार से मांग की कि वह प्रदर्शन कर रहे प्रशिक्षु चिकित्सकों के साथ तुरंत सार्थक बातचीत शुरू करे, उनकी चिंताओं का समाधान करे और बिना किसी और देरी के उनका मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रति माह करे।
प्रशिक्षु चिकित्सक मानदेय बढ़ाने और काम की बेहतर स्थितियों की मांग को लेकर सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।
जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सोमवार को कहा कि प्रशिक्षु चिकित्सकों की मांग पर सरकार पहले से ही विचार कर रही है और उन्हें हड़ताल करने की ज़रूरत नहीं है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश