जम्मू-कश्मीर सरकार प्रदर्शनकारी चिकित्सा प्रशिक्षुओं से बातचीत करे : पीडीपी
जम्मू-कश्मीर सरकार प्रदर्शनकारी चिकित्सा प्रशिक्षुओं से बातचीत करे : पीडीपी
श्रीनगर, सात सितंबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर सरकार से अपील की कि वह प्रदर्शन कर रहे चिकित्सा प्रशिक्षुओं से बातचीत करें और उन्हें कथित तौर पर डराना-धमकाना बंद करे।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ प्रिय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस प्रशिक्षु अपने अधिकारों के लिए अनशन कर रहे हैं। उनसे बातचीत करने के बजाय, कॉलेज प्रशासन अब उनके करियर को खत्म करने की धमकी दे रहा है और उन पर पीछे हटने का दबाव बनाने के लिए उनके माता-पिता को तलब कर रहा है।’’
पीडीपी ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और कथित डराने-धमकाने की कार्रवाई को रोकने की अपील की।
पार्टी ने कहा, ‘‘सरकार को अपने युवा चिकित्सकों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। हम आपसे अपील करते हैं कि आप हस्तक्षेप करें, उन्हें डराना-धमकाना बंद करें, प्रशिक्षु चिकित्सकों से सीधे बातचीत करें और उनकी मांगों का संज्ञान लें। शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है। परिवारों को धमकाना स्वीकार्य नहीं है।’’
जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा प्रशिक्षुओं ने सोमवार को 48 घंटे का अनशन शुरू किया। उन्होंने यह कदम मासिक मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर सात दिन के विरोध-प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए सरकार से इस संबंध में वार्ता विफल होने के बाद उठाया।
भाषा धीरज वैभव
वैभव

Facebook


