अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी मॉड्यूल मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सीआईके ने तीन जिलों में छापे मारे

अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी मॉड्यूल मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सीआईके ने तीन जिलों में छापे मारे

अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी मॉड्यूल मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सीआईके ने तीन जिलों में छापे मारे
Modified Date: March 26, 2026 / 10:21 am IST
Published Date: March 26, 2026 10:21 am IST

श्रीनगर, 26 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा ने पाकिस्तान और बांग्लादेश से संचालित लश्कर-ए-तैयबा के एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी मॉड्यूल की जांच के तहत घाटी में कई स्थानों पर बृहस्पतिवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर’ (सीआईके) ने घाटी के तीन जिलों में 10 स्थानों पर छापे मारे।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल जिलों में छापेमारी जारी है।’’

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सीआईके द्वारा हाल में दर्ज किए गए आतंकवाद के एक मामले की जांच के तहत की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘हाल में सीआईके थाने में दर्ज आतंकवाद संबंधी एक मामले की जांच के तहत अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर छापेमारी की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सीआईके की जांच उस आतंकवादी मॉड्यूल से संबंधित है जिसका संचालन बांग्लादेश में रह रहा कश्मीरी मूल का लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी शब्बीर अहमद लोन कर रहा है।’’

उन्होंने कहा कि लोन मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन इलाके का रहने वाला है और फिलहाल बांग्लादेश से मॉड्यूल को संचालित कर रहा है।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘यह जांच पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल मामले से संबंधित है, क्योंकि ऐसी जानकारी है कि इस मॉड्यूल को बांग्लादेश और पाकिस्तान में स्थित लश्कर के आकाओं से निर्देश मिल रहे थे।’’

भाषा

सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में