राजस्थान के पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत विजय के लक्ष्य के साथ जुटें: भजनलाल शर्मा
राजस्थान के पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत विजय के लक्ष्य के साथ जुटें: भजनलाल शर्मा
जयपुर, 26 सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत राज चुनाव में शत-प्रतिशत विजय के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया है।
वह शनिवार को प्रतापगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
शर्मा ने पार्टी संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं में निहित होने का दावा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की संकल्प, समर्पण और मेहनत के बल पर ही भाजपा को हालिया नगर निकाय चुनाव में शानदार जीत मिली है और अब आगामी पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत जीत के लक्ष्य के साथ काम करना है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद वार्ड में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।
एक बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जन सरोकार के सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम किया है, सिर्फ ढाई साल में ही लोकहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए जनकल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए चुनावी रणनीति की कमान संभालनी होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


