भारतीयों को विदेश में ‘साइबर-गुलामी’ केंद्रों में भेजने के आरोप में कानपुर का व्यक्ति गिरफ्तार
भारतीयों को विदेश में 'साइबर-गुलामी' केंद्रों में भेजने के आरोप में कानपुर का व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण-पूर्व एशिया में कथित “साइबर गुलामी परिसरों” में भारतीय युवाओं को भेजने के आरोप में कानपुर के एक भर्ती एजेंट को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कृष्ण कुमार लखवानी युवाओं को विदेश में डेटा एंट्री या ग्राहक सहायता जैसी आकर्षक नौकरियों का झांसा देता था और इसके लिए उनसे 300 से 400 अमेरिकी डॉलर तक वसूलता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी यात्रा की व्यवस्था करता था और कई युवाओं को दिल्ली के रास्ते कम्बोडिया भेजा जाता था, जहां उन्हें कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी से जुड़े काम करने के लिए मजबूर किया जाता था।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि खुफिया सूचना और निगरानी के आधार पर आरोपी को भारत लौटने पर पकड़ लिया गया और पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय लाया गया।
प्रवक्ता के अनुसार, गवाहों की मौजूदगी में उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई वीडियो मिले, जिनमें वह कथित तौर पर इन परिसरों के लिए उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेते हुए दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कई भारतीय उम्मीदवारों के पासपोर्ट की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जिन्हें कथित तौर पर इन केंद्रों में भर्ती किया गया था।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


