कर्नाटक: विजयपुर में जमीन विवाद के मामले में 12 लोग गिरफ्तार
कर्नाटक: विजयपुर में जमीन विवाद के मामले में 12 लोग गिरफ्तार
विजयपुर (कर्नाटक), एक जून (भाषा) कर्नाटक के विजयपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या के सिलसिले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना 29 मई को हुई थी।
पुलिस अधीक्षक (विजयपुर) लक्ष्मण निंबार्गी ने कहा, ‘‘चाडाचन हत्याकांड में हमने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।’’
चाडाचन थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कई अन्य लोगों पर हमले का भी आरोप लगाया है।
किसान और नगर पंचायत सदस्य चैतन्य कुमार निराले (33) ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने स्थानीय किसान से कृषि भूमि खरीदी गई जिसे लेकर लंबे समय से विवाद था और हिंसा का कारण यही विवाद है।
प्राथमिकी के अनुसार, निराले परिवार ने गोविंदपुर में ख्यामा निंगा तेली उर्फ गनिगर से कई भूखंड खरीदे थे। उन्हें एक अन्य परिवार के सदस्यों ने आश्वासन दिया था कि उन्हें इस सौदे पर कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि, खरीद के बाद विवाद तब फिर से उभर आया जब परिवार द्वारा भूमि को साफ करके खेती करने के प्रयासों पर आपत्ति जताई गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर को जब परिवार के सदस्य और मजदूर ‘अर्थमूवर’ (निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीन) की मदद से जमीन साफ कर रहे थे तभी कुछ हथियारबंद लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और काम में बाधा डालने लगे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि हमलावरों के पास तलवारें, कुल्हाड़ी, हंसिया, चाकू और अन्य हथियार थे।
उन्होंने कथित तौर पर अपशब्द कहे, धमकियां दीं और परिवार पर हमला किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हमले से पहले कुछ पीड़ितों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका गया था।
शिकायत के अनुसार, दुंदप्पा निराले, शिवपुत्र निराले, चंद्रकांत उर्फ चंदू निराले और रेवनसिद्ध उर्फ राहुल निराले पर घातक हथियारों से हमला किया गया, जिन्होंने दम तोड़ दिया। निराले परिवार से जुड़े दो अन्य लोग भी इस घटना में मारे गए।
इस घटना में समर्थ निराले, शब्बीर अत्तर, जेसीबी संचालक संदीप माने और गांव के बुजुर्ग अरविंद कटागे समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, दंगा, गैरकानूनी रूप से जमा होना, आपराधिक धमकी और अन्य अपराध शामिल हैं।
मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


