कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, विकास संबंधी मुद्दो पर चर्चा हुई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, विकास संबंधी मुद्दो पर चर्चा हुई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, विकास संबंधी मुद्दो पर चर्चा हुई
Modified Date: June 11, 2026 / 07:30 pm IST
Published Date: June 11, 2026 7:30 pm IST

(तस्वीरों सहित)

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच राज्य की विकास प्राथमिकताओं पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ हुई।

तीन जून को मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह प्रधानमंत्री के साथ शिवकुमार की पहली मुलाकात है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’

शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने मोदी के साथ कर्नाटक की विकास प्राथमिकताओं पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ की, जिसमें बुनियादी ढांचा, निवेश, शहरी परिवहन, सिंचाई, नवाचार और लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाली कल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कर्नाटक का मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद आज नयी दिल्ली में पहली बार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक हमेशा से भारत की विकास गाथा में एक अहम भागीदार रहा है तथा उन्होंने इस भूमिका को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विकास को गति देने, बेहतर अवसर आकर्षित करने और कर्नाटक के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सहकारी संघवाद की भावना से केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद रखता हूं। साथ मिलकर हम एक मजबूत कर्नाटक बना सकते हैं और एक मजबूत भारत में सार्थक योगदान दे सकते हैं।’’

शिवकुमार नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में शामिल होने राष्ट्रीय राजधानी आए हैं।

भाषा

खारी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में