बेंगलुरु, 29 मई (भाषा) कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक 30 मई को बुलाई गई है जिसमें नए नेता का चुनाव हो सकता है। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विधायक दल के सचिव ए. पाटिल की ओर से सभी विधायकों को भेजे गए पत्र के अनुसार, बैठक शनिवार को शाम चार बजे विधान सौध के सम्मेलन कक्ष में होगी।
यह घटनाक्रम राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा शुक्रवार को सिद्धरमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा स्वीकार करने और उनके नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल को भंग करने के बाद सामने आया है।
उपमुख्यमंत्री रहे डी. के. शिवकुमार के कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुने जाने की प्रबल संभावना है।
पत्र में कहा गया, ‘‘बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार, कांग्रेस के महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद में सदन के नेता एन. एस. बोसराजू और पार्टी के सभी कार्यकारी अध्यक्ष भी शामिल होंगे।’’
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विधायकों के लिए इस बैठक में उपस्थित होना अनिवार्य है।
सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों राज्य के नेतृत्व परिवर्तन और नए मंत्रिमंडल के गठन पर चर्चा के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने के लिए दिल्ली में हैं।
सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को अपने आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और बाद में त्यागपत्र सौंप दिया।
भाषा खारी शोभना
शोभना