कर्नाटक : बेंगलुरु में 5.14 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, 11 आरोपी गिरफ्तार

Ads

कर्नाटक : बेंगलुरु में 5.14 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, 11 आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 10:18 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 10:18 PM IST

बेंगलुरु, 31 मार्च (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 5.14 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों की खेप जब्त की और इस सिलसिले में दो विदेशी नागरिकों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार येलहंका न्यू टाउन, अडुगोड़ी, भारतीनगर, जालाहल्ली और पुलिकेशीनगर थाना क्षेत्रों में एमडीएमए, गांजा, हाइड्रो गांजा और हेरोइन जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मुखबिरों से मिली थी। इसके आधार पर संबंधित थानों में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामले दर्ज कर चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे अज्ञात विदेशी नागरिकों, अन्य राज्यों और स्थानीय तस्करों से सस्ते दाम पर मादक पदार्थ खरीदकर मुनाफे के लिए आम लोगों विशेषकर कॉलेज छात्रों को बेचते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो किलोग्राम एवं सात ग्राम एमडीएमए, 31 किलोग्राम एवं 396 ग्राम गांजा, 220 ग्राम हाइड्रो गांजा और 162 ग्राम हेरोइन जब्त की है। इस अपराध में इस्तेमाल की गई एक दोपहिया वाहन भी बरामद किया गया है। एक मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने कहा कि अज्ञात तस्करों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। सभी 11 आरोपियों को अलग-अलग तारीखों पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने बताया कि येलहंका न्यू टाउन थाना क्षेत्र में दो किलोग्राम एवं सात ग्राम एमडीएमए की बरामदगी के मामले में एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर उपभोक्ताओं और तस्करों की पहचान की जा रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव