तिलक नगर में घर में आग लगने से व्यक्ति की मौत

Ads

तिलक नगर में घर में आग लगने से व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 10:37 PM IST

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में शनिवार को आग की चपेट में आए एक मकान में 64-वर्षीय एक व्यक्ति मृत पाया गया। हालांकि, पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है।

पुलिस ने बताया कि व्यक्ति ने मरने से पहले व्हाट्सऐप पर एक ‘सुसाइड नोट’ (आत्महत्या से पहले लिखा गया पत्र) साझा किया था।

पुलिस के अनुसार, विजय ओल्ड शाहपुरा इलाके में करीब पांच साल से किरायेदार के रूप में अकेले रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।

पुलिस ने बताया कि दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि जब आग पर काबू पा लिया गया, तो अंदर से एक पुरुष का बुरी तरह जला हुआ शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान सुभाष नगर निवासी प्रकाश चौहान ने की।

प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि विजय ने कथित तौर पर एक व्हाट्सऐप मैसेज साझा किया था, जिसे ‘सुसाइड नोट’ बताया गया है। उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो भी डाला था, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि यह उनका आखिरी वीडियो था।

वीडियो में व्यक्ति ने कहा कि वह अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं और उनके इस फैसले के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। उन्होंने अपनी बेटी को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि वह उससे (बेटी से) बहुत प्यार करते हैं।

उन्होंने कहा कि वह खुद को आग लगा रहे हैं, ताकि उनके परिवार को अंतिम संस्कार का तनाव न सहना पड़े। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि उनकी अस्थियों को उनकी बेटी यमुना नदी में प्रवाहित करे।

पुलिस के अनुसार, विजय का लगभग छह साल पहले तलाक हो चुका था, वह बेरोजगार थे और अकेलेपन तथा अवसाद से ग्रसित थे। पुलिस के मुताबिक, उनका मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने बताया कि विजय मूल रूप से ईस्ट आजाद नगर के रहने वाले था और व्लॉग बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया करते थे।

इस बात की जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में रखा गया है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप