टेकबॉल में कांस्य पदक से चूकी क्विम्सी

Ads

टेकबॉल में कांस्य पदक से चूकी क्विम्सी

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 07:41 AM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 07:41 AM IST

नागोया, 20 सितंबर (भाषा) भारत की क्विम्सी डिसूजा ने रविवार को यहां एशियाई खेलों में महिला एकल टेकबॉल के कांस्य पदक के मैच में कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में वह स्थानीय खिलाड़ी युइना सकामोटो से 0-2 से हार गईं।

जापान की विश्व में सातवें नंबर की खिलाड़ी ने दर्शकों के अपार समर्थन के बीच भले ही सीधे गेम में जीत हासिल की लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपनी तरफ से हर संभव प्रयास किया। क्विम्सी को हालांकि आखिर में 11-12 11-12 से हार का सामना करना पड़ा।

यह मैच तीन गेम के प्रारूप में खेला जाता है और पहले दो गेम जीतने वाला खिलाड़ी विजेता बनता है।

मुंबई की रहने वाली क्विम्सी के पास पहले गेम में गेम प्वाइंट था लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाई। दूसरे गेम में भी वह एक समय 10-8 से आगे थी लेकिन फाउल करके मैच गंवा बैठी।

टेकबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इस खेल का आविष्कार 2014 में हंगरी में फुटबॉल के शौकीन गैबोर बोरसानी, ग्योरगी गैटियन और विक्टर हुस्ज़ार ने किया था।

पहली आधिकारिक टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2017 में बुडापेस्ट में आयोजित की गई थी।

टेकबॉल में खिलाड़ी हाथों और बाजुओं को छोड़कर अपने शरीर के लगभग हर हिस्से का उपयोग करते हुए एक मानक आकार की फुटबॉल को एक पारदर्शी प्लेक्सीग्लास से विभाजित घुमावदार टेबल पर उछालते हैं।

भाषा

पंत

पंत