कर्नाटक: बीदर के एक अस्पताल में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
कर्नाटक: बीदर के एक अस्पताल में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
बीदर (कर्नाटक), 29 अप्रैल (भाषा) बीदर के गुरु नानक अस्पताल में बुधवार सुबह आग लग गयी जिसके बाद कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अस्पताल के सभी मरीज और कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बीदर की उपायुक्त शिल्पा शर्मा ने पीटीआई.भाषा को बताया कि अस्पताल के कार्यालय अनुभाग में आग लगने के कारण घना धुआं फैल गया।
प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है। हालांकि सटीक कारण अभी पता नहीं चला है।
शर्मा के मुताबिक, सभी मरीजों को एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल तथा अन्य चकित्सा केंद्रों तक सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने के लिए दो दमकल वाहनों तथा 20 कर्मियों को लगाया गया।
एक वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी ने बताया, ‘घटना स्थल पर पहुंचते ही हमने फंसे हुए मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। श्वास उपकरण पहनकर हमारे कर्मी इमारत के अंदर दाखिल हुए और मरीजों को बाहर निकाला। हमने यह सुनिश्चित किया कि कोई हताहत न हो तथा आग को फैलने से रोका जा सके।’
भाषा Intern नरेश
नरेश

Facebook


