कर्नाटक: फर्जी बम धमकी संदेश भेजने का आरोपी मैसूरु से गिरफ्तार

Ads

कर्नाटक: फर्जी बम धमकी संदेश भेजने का आरोपी मैसूरु से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 04:03 PM IST

मैसुरु, 29 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और अदालतों को फर्जी बम धमाकों की धमकी भरे संदेश भेजकर दहशत फैलाने के आरोप में रविवार को मैसूरु से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान श्रीनिवास के रूप में हुई है और वह शहर के वृंदावन लेआउट में एक घर से यह फर्जी संदेश भेज रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कम समय में कई धमकी भरे ईमेल कथित तौर पर भेजे थे, जिनमें विस्फोटों की चेतावनी दी गई थी और दहशत फैलाई गई थी। पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने में बार-बार मिली फर्जी बम धमाकों की धमकियों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान शुरू किया गया।

पुलिस के मुताबिक, “तकनीकी निगरानी और जानकारी के आधार पर पता चला कि ये संदेश मैसूरु से भेजे जा रहे थे। दिल्ली पुलिस की एक टीम ने अचानक छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।”

पुलिस ने बताया कि यह अभियान मैसूरु के वीवी पुरम थाने के पुलिसकर्मियों की सहायता से चलाया गया।

पुलिस के मुताबिक, “आरोपी शहर में छिपा हुआ था और ईमेल के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजता रहता था।”

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन