कर्नाटक सरकार से बसपा के इकलौते मंत्री का इस्तीफा, मायावती का कांग्रेस को झटका
कर्नाटक सरकार से बसपा के इकलौते मंत्री का इस्तीफा, मायावती का कांग्रेस को झटका
बेंगलुरु। कर्नाटक की गठबंधन सरकार में कांग्रेस की बगावत के बीच सरकार में शामिल बसपा के इकलौते मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। इसे गठबंधन सरकार के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा रहा है। बीएसपी नेता एन महेश कर्नाटक सरकार में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
इस्तीफे के बाद एन महेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब तक के सहयोग के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और वे आगे लोगों से मेलजोल बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मैंने इस्तीफा दे दिया है। भविष्य में जनसंपर्क और अपने विधानसभा क्षेत्र में पूरा ध्यान लगाने की कोशिश करूंगा। मैंने मंत्री के तौर पर इस्तीफा दिया है लेकिन जेडीएस को समर्थन जारी रहेगा। इसमें कोई संकोच नहीं है। होने वाले उपचुनावों में भी मेरा समर्थन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : अमित शाह पहुंचे अंबिकापुर, कार्यकर्ताओं को दिलाया चौथी बार सरकार बनाने का संकल्प, देखिए
कहा जा रहा है कि मायावती ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को फोन कर महेश को हटाने के लिए कहा था क्योंकि उन्होंने कुछ गैरजरुरी बयान दिए थे। एन महेश ने कहा था कि कर्नाटक में उनकी वजह से बीएसपी की जीत हुई है। हालांकि मायावती के कहने के बाद भी कुमारस्वामी ने महेश को नहीं हटाया तो गुरुवार को मायावती ने उन्हें मंत्री पद छोड़ने का निर्देश दिया।
पूरे मामले को मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इसे उनका(बसपा का) अपना अंदरूनी मामला बताते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि ऐसा निर्णय उन्होंने क्यों लिया, मैं उनसे संपर्क में हूं और इस मामले को निपटा लूंगा।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


