कश्मीर: कांग्रेस, पीडीपी, नेकां ने रमजान के दौरान चंदे को विनियमित करने का आदेश रद्द करने की मांग की
कश्मीर: कांग्रेस, पीडीपी, नेकां ने रमजान के दौरान चंदे को विनियमित करने का आदेश रद्द करने की मांग की
जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने किश्तवाड़ जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) के रमजान के दौरान चंदे (दान) को विनियमित करने संबंधी आदेश की बृहस्पतिवार को आलोचना की और इसे तत्काल रद्द करने की मांग की।
किश्तवाड़ जिला प्रशासन ने अनधिकृत धन उगाही पर चिंता जताते हुए पवित्र महीने के दौरान चंदा इकट्ठा करने को विनियमित करने का बुधवार को आदेश जारी किया।
मुख्यमंत्री के विभागों की अनुदानों मांगों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक निजाम उद्दीन भट ने जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश के संबंध में व्यवस्था का प्रश्न उठाया।
भट ने इन निर्देशों की आलोचना करते हुए कहा कि इन्हें रद्द किया जाना चाहिए। उनका समर्थन करते हुए कांग्रेस विधायक गुलाम अहमद मीर ने कहा, ‘‘यह हमारे धर्म के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ है। हम मांग करते हैं कि इसे तत्काल रद्द किया जाए।’’
विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी’ (पीडीपी) के नेता वहीद- उर- रहमान पारा और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेता जावेद अहमद बेग ने भी आदेश को रद्द करने की मांग की।
हालांकि, इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सतीश शर्मा का समर्थन मिला। शर्मा ने कहा, ‘‘यह सही फैसला है। निगरानी होनी चाहिए।’’
किश्तवाड़ के जिला मजिस्ट्रेट पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि यह सुनिश्चित करना प्रशासन की कानूनी जिम्मेदारी है कि राहत, कल्याण या धार्मिक उद्देश्यों के लिए दिए गए जनता के दान का गलत तरीके से इस्तेमाल न हो, धन शोधन या बाहरी या किसी गैर कानूनी विनाशकारी गतिविधियों के लिए इसका उपयोग न किया जाए।
उन्होंने आदेश में कहा कि रमजान के दौरान कुछ व्यक्तियों और संगठनों द्वारा अनधिकृत रूप से चंदा इकट्ठा करने की प्रवृत्ति देखी गई है, जिसके लिए तत्काल नियम बनाने की आवश्यकता है।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


