कश्मीर: शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति, तबादला आदेश के सिलसिले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कश्मीर: शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति, तबादला आदेश के सिलसिले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
श्रीनगर, दो सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति, तबादले और कार्यमुक्ति आदेश तैयार करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, विशेष पुलिस इकाई ने पांचों आरोपियों के खिलाफ बडगाम के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान निसार अहमद भट, शाकिर गुल, शेख रूहैल अहमद, मोहम्मद अयाज राठेर और तनवीर अहमद राठेर के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला कश्मीर के स्कूल शिक्षा निदेशक से मिली एक सूचना के आधार पर शुरू हुआ। इसमें कहा गया था कि तीन लोग कथित रूप से स्कूल शिक्षा निदेशक, कश्मीर की ओर से जारी किए गए फर्जी तबादला या समायोजन आदेशों के आधार पर बडगाम के चरार-ए-शरीफ स्थित जोन नगाम में शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित आदेशों पर फर्जी हस्ताक्षर, आदेश संख्या और प्रेषण/अनुमोदन संख्या दर्ज थीं।
अधिकारियों ने बताया कि जोनल शिक्षा अधिकारी नगाम और मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) बडगाम से मिले रिकॉर्ड से पुष्टि हुई कि मोहम्मद अयाज राठेर, शेख रूहैल अहमद और तनवीर अहमद राठेर का तबादला या समायोजन इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर किया गया था।
उन्होंने कहा कि निदेशालय से हुई जांच में यह भी सामने आया कि उसकी आदेश पुस्तिका 31 दिसंबर 2019 को ही बंद कर दी गई थी, जिससे साबित हुआ कि संबंधित आदेश संख्या और अनुमोदन संख्या फर्जी थीं।
उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पाया गया कि इन तीनों आरोपियों की शिक्षा विभाग में कहीं भी वास्तविक नियुक्ति नहीं हुई थी।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया कि निसार अहमद भट (शिक्षक) और शाकिर गुल ने इस फर्जीवाड़े में मददगार की भूमिका निभाई। भट ने कथित तौर पर फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने और उनकी छपाई के लिए जरूरी साधन एवं व्यवस्था उपलब्ध कराई।
उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद अदालत में आरोपपत्र पेश किया गया।
भाषा शोभना
देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


