कश्मीर : राजौरी में दो विदेशी पिस्तौल बरामद, आतंकी सहयोगी गिरफ्तार

Ads

कश्मीर : राजौरी में दो विदेशी पिस्तौल बरामद, आतंकी सहयोगी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 08:43 PM IST

जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तान स्थित आकाओं से सीधे संबंध रखने वाले एक आतंकी सहयोगी को दो विदेशी पिस्तौल बरामद किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जनकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पास स्थित सैर गांव निवासी सचिन कुमार उर्फ पम्मा को पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स के संयुक्त अभियान में बुधवार देर रात नौशेरा सेक्टर के एक गांव से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि कुमार की गिरफ्तारी के साथ ही एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है, जो प्रारंभिक जांच के अनुसार, पाकिस्तान के मादक पदार्थ और हथियार तस्करों के संपर्क में था।

उन्होंने बताया कि कुमार के पास से दो पिस्तौल बरामद की गईं, जिसमें से एक तुर्की और दूसरी चीन निर्मित थी। इसके साथ ही चार मैगज़ीन और 15 गोलियां भी बरामद की गईं।

इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात नौशेरा के रायपुर गांव में सेना के गश्ती दल ने आरोपी को रोका और गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है, ‘‘आरोपी ने सीमा के उस पार से खेप प्राप्त की थी’’। अधिकारियों के अनुसार उसे खेप को किसी अन्य व्यक्ति को पहुंचाने का काम सौंपा गया था, तभी गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।

अधिकारियों ने कहा कि हथियार किसके लिए पहुंचाए जा रहे थे यह पता लगाने और सीमा के उस पार गिरोह के अन्य विवरणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इस बीच तीन संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र के मारलोग और लोदरा जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया है।

एक अन्य घटनाक्रम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के पठानकोट निवासी मोटरसाइकिल सवार मिथुन सिंह को आज दोपहर सांबा जिले में सीमा चौकी चिलियारी के पास एक अग्रिम गांव में घूमते हुए पाए जाने के बाद हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि कथित तौर पर कपड़े बेच रहे सिंह को बीएसएफ ने रोका और उसकी तलाशी ली।

उन्होंने यह भी बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक पाकिस्तानी संपर्क नंबर मिला, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संवेदनशील क्षेत्र में उनकी उपस्थिति पर संदेह पैदा हुआ।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध को विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

भाषा यासिर वैभव

वैभव