विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा 28 फरवरी से असम में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ शुरू करेगी

Ads

विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा 28 फरवरी से असम में 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू करेगी

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 09:56 PM IST

गुवाहाटी, 22 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने रविवार को घोषणा की कि पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले जनता तक पहुंचने के लिए 28 फरवरी को राज्य में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत करेगी।

सैकिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ का आयोजन भाजपा के दृष्टिकोण, उपलब्धियों और लक्ष्यों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा का पहला चरण 28 फरवरी से 9 मार्च तक होगा, जिसमें 34 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि राज्य मंत्री अशोक सिंघल को मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरीटा सहित अन्य नेताओं को सह-संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिकाएं सौंपी गई हैं।

सैकिया ने कहा, ‘‘ इस यात्रा का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ढेकियाजुली निर्वाचन क्षेत्र के गुप्तेश्वर देवालय से करेंगे और यात्रा के दौरान वह जनसभाओं में भाग ले सकते हैं।’’

उन्होंने बताया कि उद्घाटन के दिन यात्रा ढेकियाजुली, बारसोला, तेजपुर, नादुआर और रोंगापारा निर्वाचन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने कहा कि अगले चरण में मोरीगांव, नगांव, गोहपुर, बिहपुरिया, धेमाजी, जोनाई, तिंगखोंग, नाहरकटिया, गोलाघाट, डिगबोई, तिनसुकिया, नलबाड़ी और रंगिया समेत कई निर्वाचन क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।

सैकिया ने कहा, ‘‘उन निर्वाचन क्षेत्रों में जन आशीर्वाद सभाओं का आयोजन किया जाएगा जहां यात्रा सीधे तौर पर नहीं निकाली जाएगी। यात्रा प्रतिदिन लगभग 70-80 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसका लक्ष्य प्रतिदिन लगभग एक लाख लोगों तक पहुंचना है।’’

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम का दौरा करने वाले हैं।

सैकिया ने कहा, ‘उम्मीद है कि वह 13 मार्च को कोकराझार और गुवाहाटी में तथा 14 मार्च को सिलचर में आधिकारिक और पार्टी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।’

उन्होंने बताया कि भाजपा 15 मार्च को गुवाहाटी में एक बड़ी रैली का आयोजन करेगी, जिसमें लगभग एक लाख युवा मतदाताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

राज्य में विधानसभा चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है।

भाषा शोभना दिलीप

दिलीप