केजरीवाल को पंजाब की चिंता है तो चीमा को मंत्री पद से हटाएं: बाजवा

Ads

केजरीवाल को पंजाब की चिंता है तो चीमा को मंत्री पद से हटाएं: बाजवा

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 06:15 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) पंजाब में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक व्यक्ति की कथित आत्महत्या के मामले में मंगलवार को राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर निशाना साधा और कहा कि यदि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब की चिंता है तो सबसे पहले चीमा को मंत्री पद से हटाएं।

बाजवा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि चीमा की सभा में नशे के मुद्दे पर सवाल करने वाले गुलजार सिंह नाम व्यक्ति को खुदकुशी के लिए मजबूर किया गया।

उन्होंने दावा किया कि गुलजार ने माफी मांगने से इनकार कर दिया था और बाद में एक वीडियो बनाकर आरोप लगाया था कि मंत्री के इशारे पर उसे डराया-धमकाया जा रहा है।

बाजवा ने कहा कि इस मामले में मंत्री हरपाल सिंह चीमा का इस्तीफा लिया जाना चाहिए और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने गुलजार सिंह की मौत के मामले में चीमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की।

उन्होंने पंजाब में मादक पदार्थों और हथियारों की कथित तस्करी को लेकर भी सवाल उठाया और पूछा कि पाकिस्तान से ड्रग्स और हथियार आने के मुद्दे पर सरकार चुप क्यों है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को पंजाब की चिंता है तो सबसे पहले हरपाल सिंह चीमा को मंत्री पद से हटाएं और गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।’’

भाषा हक पवनेश

पवनेश