केजरीवाल ने ट्रंप को प्रधानमंत्री के संदेश पर सवाल उठाए, भारतीय हितों की रक्षा पर दिया जोर

Ads

केजरीवाल ने ट्रंप को प्रधानमंत्री के संदेश पर सवाल उठाए, भारतीय हितों की रक्षा पर दिया जोर

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 05:32 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 05:32 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस संदेश पर सवाल उठाया जिसमें उन्होंने शुभकामनाओं के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ व्यवहार में भारत की संप्रभुता, सम्मान और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होने चाहिए।

केजरीवाल ने भारतीयों को ले जा रहे जहाजों पर हमलों तथा भारतीय नागरिकों की मौत की घटनाओं का उल्लेख किया और ‘एक्स’ पर बधाई के लिए ट्रंप को धन्यवाद देने संबंधी मोदी के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूछा कि प्रधानमंत्री असल में किस बात के लिए आभार जता रहे हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति देश के लिए शर्मनाक होती जा रही है और प्रधानमंत्री अमेरिका के साथ बातचीत में भारत के हितों की मज़बूती से रक्षा करने में विफल रहे हैं।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप को ‘धन्यवाद’ कह रहे हैं। किस बात के लिए धन्यवाद? उन जहाजों पर हमला करने के लिए जिनमें भारतीय सवार थे और भारतीय नागरिकों की जान लेने के लिए? हमारे देश के लिए स्थिति अब बेहद शर्मनाक हो गई है।’’

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को मज़बूत नेतृत्व की ज़रूरत है और किसी भी विदेशी नेता को ऐसा कोई काम नहीं करने दिया जाना चाहिए जिससे देश की संप्रभुता या नागरिकों की सुरक्षा से समझौता हो।

यह टिप्पणी तब आई जब मोदी ने ट्रंप के बधाई संदेश का जवाब देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति का धन्यवाद व्यक्त किया तथा भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

भाजपा ने केजरीवाल की टिप्पणी पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं की।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश