Rajya Sabha Election Results 2026 / Image Source : X
नई दिल्ली : Rajya Sabha Election Results 2026 : देश के चार बड़े राज्यों मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इन राज्यों में कोई वोटिंग नहीं हुई और सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीत गए हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनकी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म खारिज हो गया, जिसके बाद बीजेपी ने वहां की तीनों सीटों पर आसानी से कब्जा कर लिया।
मध्य प्रदेश में बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने अपने फॉर्म में कोर्ट नोटिस की जानकारी छुपाई है। जांच के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका फॉर्म रद्द कर दिया। कांग्रेस इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी गई, लेकिन कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में दखल देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद बीजेपी के तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्विरोध सांसद चुन लिए गए। दूसरी तरफ, गुजरात में भी बीजेपी ने सभी 4 सीटों पर क्लीन स्वीप किया है। अब गुजरात से राज्यसभा के सभी 11 सांसद बीजेपी के हैं और साल 2029 तक वहां कांग्रेस का कोई सांसद नहीं होगा।
राजस्थान और कर्नाटक में भी उम्मीदवार बिना किसी विरोध के चुनाव जीत गए हैं। राजस्थान से बीजेपी के सतीश पुनिया और अल्का गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी जीते हैं। वहीं कर्नाटक से कांग्रेस के बड़े नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा, मंसूर खान और बीजेपी समर्थित एम. नागराजू चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुँच गए हैं। सभी जीते हुए उम्मीदवारों को उनके सर्टिफिकेट सौंप दिए गए हैं।