केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय को लेकर उठाए सवाल

केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय को लेकर उठाए सवाल

केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के समय को लेकर उठाए सवाल
Modified Date: August 19, 2026 / 02:03 pm IST
Published Date: August 19, 2026 2:03 pm IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर गिरफ्तार किया गया।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह आरोप लगाया। इससे एक दिन पहले दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के सीवर शोधन संयंत्र से जुड़ी परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित मामले में जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह तक एसीबी की सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी। फिर दोपहर में अमित शाह जी का सीधे फोन आया और कहा गया, ‘उन्हें गिरफ्तार करो।’ इसके बाद ही गिरफ्तारी की गई।’’

इस आरोप पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

केजरीवाल ने शाह से यह भी पूछा कि उन्होंने जांच एजेंसी पर जैन को गिरफ्तार करने का कथित तौर पर दबाव क्यों डाला।

जैन पिछले साल छह जून को इस मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली सरकार की एसीबी के समक्ष पेश हुए थे। एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया और उनके खिलाफ दर्ज मामले को ‘‘फर्जी’’ करार दिया।

यह मामला 11 मई 2024 को सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में डीजेबी के सीवर शोधन संयंत्रों के विस्तार और उन्नयन से संबंधित निविदा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं, निविदा शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में