राजस्थान: सरकारी अस्पताल के लिए भेजे गए टीके की अवैध बिक्री का मामला, जांच के आदेश
राजस्थान: सरकारी अस्पताल के लिए भेजे गए टीके की अवैध बिक्री का मामला, जांच के आदेश
जयपुर, 19 अगस्त (भाषा) राजस्थान सरकार ने बीकानेर के सरकारी कैंसर अस्पताल के लिए भेजे गए कैंसर के इलाज में काम आने वाले टीके की दिल्ली में कथित तौर पर अवैध बिक्री के मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए हैं।
एक बयान के अनुसार खींवसर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली महंगी जीवनरक्षक दवाओं की किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनधिकृत बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ‘राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (आरएमएससीएल) एवं संबंधित अधिकारियों से दवा की आपूर्ति शृंखला, भंडार रजिस्टर, तथा अस्पताल स्तर पर वितरण का रिकॉर्ड तत्काल जांचने के निर्देश दिए हैं।
खींवसर ने कहा कि यदि जांच में सरकारी दवा की आपूर्ति में किसी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही खींवसर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी दवाओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाया जाए।
भाषा पृथ्वी मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


