नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ई20 (20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रण वाले) पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर वाहन मालिकों से उनके अनुभव जानने के लिए शनिवार को दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन का दौरा किया।
केजरीवाल ने दावा किया कि कई उपभोक्ताओं ने गाड़ी का माइलेज कम होने और वाहन के प्रदर्शन में गिरावट की शिकायत की है।
अपने इस दौरे के दौरान केजरीवाल ने पेट्रोल-डीजल भरवाने आए लोगों के साथ-साथ उन लोगों से भी बात की जो अपने वाहनों की सर्विसिंग कराने आए थे।
उन्होंने कहा कि इस बातचीत से उन्हें एथनॉल मिश्रित ईंधन के उपयोग को लेकर कुछ वाहन मालिकों द्वारा उठाई जा रही चिंताओं को जमीनी स्तर पर समझने में मदद मिली।
दौरे के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, ‘आज मैं जमीनी हकीकत समझने के लिए दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पर गया। कई लोगों ने मुझे बताया कि उनके वाहनों का माइलेज कम हो गया है और कुछ ने तकनीकी खराबी की भी शिकायत की।’
‘आप’ नेता ने ई20 ईंधन को लेकर सरकार के दावों को ‘सफेद झूठ’ करार देते हुए आरोप लगाया कि जमीनी हकीकत इसके उलट है।
उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर जनता की चिंताओं को सुना जाना चाहिए और उनका समाधान किया जाना चाहिए।
केजरीवाल ने कहा, ‘हम एक लोकतंत्र में रहते हैं। सरकार को लोगों की शिकायतें सुननी चाहिए और उन्हें दूर करने की दिशा में काम करना चाहिए।’
‘आप’ नेता ने ई20 मिश्रित पेट्रोल को लेकर आवाज उठाने वाले लोगों की होने वाली आलोचना का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अपनी राय रखने वाले लोगों को गलत नहीं ठहराया जाना चाहिए और न ही उनकी बात को खारिज किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘ई20 पेट्रोल को लेकर चिंता जताने वाले आम नागरिक हैं जो अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।’
पिछले हफ्ते सरकार ने देश के ई20 एथनॉल सम्मिश्रण कार्यक्रम के बारे में सोशल मीडिया पर चल रही उन सूचनाओं का विस्तृत खंडन जारी किया था, जिन्हें उसने भ्रामक बताया था। सरकार ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया था जिनमें इंजन खराब होने, बीमा अमान्य होने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की बात कही गई थी।
भाषा सुमित माधव
माधव