जोहानसबर्ग, 11 जुलाई (एपी) फीफा विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने वाले मिडफील्डर जेडन एडम्स का 25 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
उनके निधन की पुष्टि शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला एवं संस्कृति मंत्री गेटन मैकेंजी ने की।
मैकेंजी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘गहरे सदमे और भारी मन से मुझे यह जानकारी मिली कि मामेलोडी सनडाउन्स और बाफाना बाफाना (दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय टीम) के मिडफील्डर जेडन एडम्स का 25 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉल ने अपने सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है और पूरा देश उनके परिवार, साथियों तथा लाखों प्रशंसकों के साथ शोक में डूबा है।’
एडम्स ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
उनके निधन के कारण का अभी खुलासा नहीं हुआ है। मैकेंजी ने कहा, ‘‘जेडन की मौत के कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मैं मीडिया और आम जनता से अपील करता हूं कि वे संयम और संवेदनशीलता बरतें तथा किसी भी तरह की अटकलों से बचें।’’
विश्व कप में एडम्स ने ग्रुप ए के पहले मुकाबले में चेक गणराज्य के खिलाफ शुरुआती एकादश में जगह बनाई थी, लेकिन उन्हें हाफ टाइम पर बदल दिया गया था। मैकेंजी ने बताया कि यह मैच उन्होंने अपनी दादी के निधन की खबर मिलने के कुछ ही घंटों बाद खेला था।
दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉल खिलाड़ी संघ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘ देश ने एक शानदार फुटबॉलर खो दिया है। उनकी विनम्रता, असाधारण प्रतिभा और दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने पर उन्हें जो गर्व था, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। जेडन, आपको कभी भुलाया नहीं जाएगा।’
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने भी एडम्स के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
ए़पी
आनन्द
आनन्द