गोरखपुर, 11 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय में नवनिर्मित बालक एवं बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया।
बालक छात्रावास का नामकरण मुख्यमंत्री के गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ के नाम पर रखा गया जबकि बालिका छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के अवसर पर दोनों छात्रावासों में आवंटित एमडी आयुर्वेद के विद्यार्थियों को उनके कमरों की चाबियां भी सौंपी।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन सभागार का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शनिवार शाम मुख्यमंत्री आयुष विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों छात्रावासों का उद्घाटन किया।
उन्होंने छात्रावास का भ्रमण करने के दौरान वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने खिड़कियों पर जाली लगवाने, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने छात्रावास में रहने वाले एमडी आयुर्वेद के विद्यार्थियों से भी बातचीत की।
उन्होंने आयुर्वेद की उच्च शिक्षा को बेहतर अवसर बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
योगी ने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना सभागार का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. रामचंद्र रेड्डी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।
विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था जबकि इसका लोकार्पण एक जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र