अगरतला, 11 जुलाई (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को कहा कि मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा सीमा विवाद को सुलझाने के लिए राज्य का दौरा करने के इच्छुक हैं।
त्रिपुरा की 107 किलोमीटर सीमा मिजोरम के दो जिलों – मामित और कोलासिब – से लगती है। दोनों राज्य फुल्डुंगसेई गांव पर अपना दावा करते हैं, और इस वजह से कभी-कभी दोनों पक्षों के बीच समस्याएं पैदा हो जाती हैं।
साहा ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, “हाल में शिलांग में हुए पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) के पूर्ण सत्र के दौरान, मैंने मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा से अंतर-राज्यीय सीमा विवाद पर बात की और वह इस मुद्दे को सुलझाने पर सहमत हुए। वह इस समस्या को हल करने के लिए हमारे राज्य का दौरा करने के इच्छुक हैं।”
साहा ने कहा कि उन्होंने मिजोरम के मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि वह पहले इस मुद्दे पर बातचीत के लिए अधिकारी-स्तर की चर्चा शुरू करें।
उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री मिलकर इसे शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा सकते हैं।
भाषा प्रशांत माधव
माधव