केजरीवाल ने 29 वाहन निर्माताओं को पत्र लिखा, ई20 ईंधन से ‘माइलेज’ पर असर को लेकर जवाब मांगा
केजरीवाल ने 29 वाहन निर्माताओं को पत्र लिखा, ई20 ईंधन से ‘माइलेज’ पर असर को लेकर जवाब मांगा
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को 29 वाहन निर्माताओं को पत्र लिखकर उनसे यह जानना चाहा कि ई20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों के ‘माइलेज’ और प्रदर्शन पर क्या असर पड़ता है तथा उन्होंने कंपनियों से सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा।
केजरीवाल ने मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और हीरो मोटोकॉर्प को अलग-अलग पत्र लिखे। उन्होंने इन कंपनियों के उन हालिया बयानों का जिक्र किया जिनमें कहा गया था कि ई20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों के ‘माइलेज’ पर असर नहीं पड़ेगा।
केजरीवाल ने अपने पत्रों में इन कंपनियों से यह लिखित आश्वासन मांगा कि यदि ई20 ईंधन के इस्तेमाल से ग्राहकों के वाहनों का ‘माइलेज’ घटता है या वाहनों पर कोई असर पड़ता है तो निर्माताओं की ओर से उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
वाहन निर्माताओं ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने 26 अन्य वाहन कंपनियों को भी अलग-अलग पत्र लिखकर ई20 ईंधन के इस्तेमाल, इससे वाहनों के ‘माइलेज’ और प्रदर्शन पर पड़ने वाले संभावित असर तथा उपभोक्ताओं द्वारा उठाई जा रही चिंताओं पर जवाब देने को कहा है।
उन्होंने कहा कि वह बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंपों पर जाकर वाहन मैकेनिक से मिलेंगे ताकि ई20 ईंधन के इस्तेमाल पर उनकी राय जान सकें और वाहनों पर इसके असर को लेकर चर्चा कर सकें।
केजरीवाल ने कहा कि वह उपभोक्ताओं के अनुभवों एवं उनकी चिंताओं का पता लगाने के लिए उनसे भी बातचीत करेंगे।
भाषा सिम्मी नरेश
नरेश

Facebook


