केरल विधानसभा चुनाव: तीन सीट जीतने वाली भाजपा छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में रही दूसरे स्थान पर

Ads

केरल विधानसभा चुनाव: तीन सीट जीतने वाली भाजपा छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में रही दूसरे स्थान पर

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 03:08 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच मई (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में तीन सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने वाली भाजपा छह अन्य विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर रही।

चार मई को मतगणना के बाद भाजपा तिरुवल्ला, पलक्कड़, मलमपुझा, अट्टिंगल, कासरगोड और मंजेश्वर सीटों पर दूसरे स्थान पर रही।

तिरुवल्ला में भाजपा के राज्य महासचिव अनूप एंटनी 43,078 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और वह केरल कांग्रेस (केईसी) के वर्गीज ममेन से 10,146 वोटों के अंतर से हार गए। हालांकि, उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार पार्टी के वोट प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की।

साल 2021 में इस सीट पर भाजपा तीसरे स्थान पर थी और उसका वोट प्रतिशत 16.25 था, जबकि इस बार उसे 30.61 प्रतिशत वोट मिले।

पलक्कड़ सीट पर भाजपा की वरिष्ठ नेता शोभा सुरेंद्रन शुरुआती दौर में कड़ी टक्कर देती नजर आईं, लेकिन अंततः यूडीएफ के रमेश पिशारोडी से 13,147 मतों से हार गईं। उन्हें 49,052 वोट मिले, जबकि पिशारोडी को 62,199 वोट प्राप्त हुए।

हालांकि, उन्होंने 2024 के उपचुनाव की तुलना में भाजपा के वोट प्रतिशत में सुधार किया। 2024 में पार्टी को 28.80 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि इस बार यह बढ़कर 33.33 प्रतिशत हो गया।

अट्टिंगल में भाजपा के पी. सुधीर 45,788 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और वे माकपा की ओ. एस. अंबिका से 13,375 वोटों से पीछे रह गए। यहां भी भाजपा का मत प्रतिशत 2021 के 25.92 प्रतिशत से बढ़कर 30.54 प्रतिशत हो गया।

मलमपुझा, कासरगोड और मंजेश्वर सीटों पर सी. कृष्णकुमार, अश्विनी एमएल और के. सुरेंद्रन क्रमशः दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन वे 20,000 या उससे अधिक मतों के अंतर से पीछे रहे। इन सीटों पर भाजपा का वोट प्रतिशत 2021 की तुलना में बढ़ नहीं पाया।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, 140 सदस्यीय विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीटें और माकपा नीत एलडीएफ ने 35 सीटें हासिल कीं।

भाषा मनीषा दिलीप

दिलीप