महाराष्ट्र के पालघर में नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र के पालघर में नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 07:56 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 07:56 PM IST

पालघर, पांच मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक वन क्षेत्र में, उपचार के लिए औषधीय पौधा दिलाने के बहाने एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 13 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार तड़के हुई और आरोपी को मंगलवार सुबह चार बजे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान जिले के विक्रमगढ़ तालुका निवासी शिवराम पराश सावर (55) के रूप में हुई है।

कासा थाने के निरीक्षक अमर पाटिल ने बताया कि पीड़िता की बड़ी बहन ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, वह और उसकी बहन उपचार के लिए 30 अप्रैल को आरोपी के पास गई थीं, जो गांव में जड़ी-बूटियों से इलाज करने के लिए जाना जाता है।

अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी तीन मई को पीड़िता के घर गया और औषधीय पौधा लाने के बहाने शिकायतकर्ता, उसकी 19 वर्षीय बहन और कुछ रिश्तेदारों को कार में बिठाकर ले गया।’

उन्होंने बताया कि वे रात करीब 11:30 बजे दहानू से रवाना हुए। कुछ देर वाहन चलाने के बाद, आरोपी ने रात करीब एक बजे चारिपवन के पास सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और पौधा लेने के बहाने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर पास की झाड़ियों में ले गया। उसने अन्य यात्रियों को वाहन के अंदर ही रुकने को कहा।

पाटिल ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा, ‘आरोपी ने वहां नाबालिग से बलात्कार किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर उसने उसे जान से मारने की धमकी दी।’

उन्होंने बताया कि पीड़िता की बहन और आरोपी की बेटी एक-दूसरे को पहले से जानते थे।

पुलिस उपाधीक्षक समीर माहेर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप