केरल विधानसभा चुनाव: राज्यपाल और फिल्म अभिनेताओं ने मतदान किया

Ads

केरल विधानसभा चुनाव: राज्यपाल और फिल्म अभिनेताओं ने मतदान किया

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 05:02 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 05:02 PM IST

तिरुवनंतपुरम, नौ अप्रैल (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और लोकप्रिय फिल्म अभिनेताओं ने बृहस्पतिवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया जो राज्य के महत्वपूर्ण चुनाव में मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है।

राज्यपाल आर्लेकर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला और जनता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

आर्लेकर ने वट्टियूर्कवु निर्वाचन क्षेत्र के जवाहर नगर स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि केरल विधानसभा चुनाव में पहली बार वोट डालने का अवसर पाकर वह खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘उम्मीद है कि अच्छे लोग चुने जाएंगे। लोग जैसी सरकार चाहते हैं, वैसी ही सरकार बनेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है।’

इस चुनाव में रमेश पिशारोडी, अंजली नायर और मेजर रवि सहित फिल्म जगत की कम से कम आठ हस्तियां विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही हैं।

कोल्लम जिले के पथानापुरम से चुनाव जीतते आ रहे मंत्री के बी गणेश कुमार एक बार फिर इसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

अभिनेता मोहनलाल तिरुवनंतपुरम के मुदावनमुगल सरकारी स्कूल के बाहर सुबह करीब सात बजे अपना वोट डालने के लिए प्रतीक्षा करते देखे गए।

उन्हें नेमोम निर्वाचन क्षेत्र में वाम लोकतांत्रकि मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीदवार वी. शिवनकुट्टी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार के. एस. सबरीनाधन के साथ बातचीत करते हुए देखा गया।

उन्होंने अपना वोट डालने के बाद सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘मैंने अपना काम कर दिया। अब आपकी बारी है, केरलवासी, जाकर वोट दें।’

स्टार अभिनेता ममूटी और उनका परिवार जब अपना वोट डालने के लिए कोच्चि के पोन्नुरुनी पहुंचा तो बड़ी संख्या में मतदाता जमा हो गए।

उन्होंने कहा, ‘यह पांच साल में एक बार मिलने वाला अवसर है और लोगों को आगे आकर अपना वोट डालना चाहिए।’

अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन और उनकी पत्नी सुप्रिया ने कोच्चि के थेवारा स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

अहाना कृष्णकुमार अपने परिवार के साथ तिरुवनंतपुरम के एक मतदान केंद्र पर पहुंचीं।

वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के टिकट पर पूर्व में चुनाव लड़ चुके अभिनेता के. कृष्णकुमार की बेटी हैं।

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि युवा पीढ़ी समेत सभी लोग अपने मतदान अधिकारों के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं। सोशल मीडिया की बदौलत सभी के पास अधिक जानकारी उपलब्ध है और उनके लिए निर्णय लेना और अपना वोट डालना आसान हो गया है।’

अभिनेता आसिफ अली ने थोडुपुझा में अपना वोट डाला और कहा कि वह यह नहीं बताएंगे कि वह किस उम्मीदवार का समर्थन करते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा कहता हूं कि सरकार को सुलभ होना चाहिए और संवाद करना चाहिए।’

उन्होंने कहा कि वह शुरू में अपने दोस्तों के लिए प्रचार करने को तैयार थे, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि वे अलग-अलग राजनीतिक मोर्चों से जुड़े हुए हैं।

केरल कांग्रेस के नेता पी. जे. जोसेफ द्वारा चुनाव न लड़ने और अपनी सीट अपने बेटे अपू जॉन जोसेफ को देने का जिक्र करते हुए अली ने कहा कि यह अनुभवी नेता की परिपक्वता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘युवा पीढ़ी के लिए रास्ता बनाने के सिद्धांत का पालन सभी वरिष्ठ नेताओं को करना चाहिए।’

अभिनेता और विधायक मुकेश ने कहा कि चुनाव किसी ‘रहस्य रोमांच वाली कथा’ से भी ज्यादा रोमांचक और प्रभावशाली होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘हमें एक महीने से अधिक समय तक चलने वाली कड़ी मेहनत देखने को मिलती है और फिर एक और महीने तक परिणामों का इंतजार करना पड़ता है।’

मुकेश (जिन्हें एलडीएफ द्वारा कोल्लम से सीट देने से इनकार कर दिया गया था) ने विश्वास व्यक्त किया कि गठबंधन सत्ता बरकरार रखेगा और कोल्लम सीट जीतेगा।

अभिनेता जगदीश (जिन्होंने पहले कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था) ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि वह राजनीति को उसी तरह संभाल पाएंगे जैसे वह अभिनय को संभालते हैं।

अलाप्पुझा में अपना वोट डालने वाले अभिनेता कुंचको बोबन ने कहा कि सरकार चाहे जो भी बनाए, सुशासन कायम रहना चाहिए।

भाषा

भाषा

शुभम माधव

माधव