तिरुवनंतपुरम, चार जून (भाषा) केरल के पलक्कड़ जिले में ‘‘इस्लाम-अनुकूल जिम’’ शुरू किए जाने की खबर सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री वी डी सतीशन से आग्रह किया कि वह यह सुनिश्चित करें कि कट्टरपंथी समूहों का तुष्टीकरण न किया जाए।
चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘
मुख्यमंत्री श्री वीडी सतीशन हम अपने राज्य में इस तरह की चालबाजी की अनुमति नहीं देंगे। आपने दावा किया है कि कोई तुष्टीकरण नहीं होगा। कृपया स्थिति बिगड़ने से पहले अपने दावे पर कायम रहें।’’
चंद्रशेखर ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें दावा किया गया था कि पलक्कड़ में एक जिम को इस्लामी दिशा-निर्देशों के तहत संचालित करने के लिए बदल दिया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया है जिम में संगीत नहीं बजाया जाएगा, पुरुषों और महिलाओं के लिए कसरत का अलग-अलग समय होगा और महिला सदस्यों से हिजाब पहनने समेत इस्लामी ड्रेस कोड का पालन करने की अपेक्षा की जाएगी।
इसमें यह भी कहा गया कि अन्य धर्मों के लोग भी इन नियमों से सहमत होने पर ही इस जिम में जा सकते हैं।
इस घटनाक्रम की आलोचना करते हुए चंद्रशेखर ने लिखा, ‘‘भाजपा-राजग ने इस खतरनाक राजनीति की भविष्यवाणी की थी।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस/आईयूएमएल/जमात-ए-इस्लामी की सरकार केरल के कुछ हिस्सों का तालिबानीकरण कर देगी और वहां कट्टरपंथी इस्लाम के ऐसे गढ़ बना देगी, जो भारत के संविधान और इस देश के हर कानून के विपरीत होंगे।’’
भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘वास्तविकता यह है कि जब कोई सरकार तुष्टीकरण को अपनी राजनीतिक नीति का आधार बना लेती है, तो कट्टरपंथी समूह अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए इसका फायदा उठाते हैं, क्योंकि उन्हें कानून का डर नहीं रहता।’’
चंद्रशेखर की टिप्पणियों पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
इससे पहले, खबरों में दावा किया गया था कि एक नया जिम इस्लामी सिद्धांतों पर आधारित संचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
पलक्कड़ के पुथुनागरम में स्थित यह जिम पिछले 15 वर्षों से मौजूद है और हाल में इसका नवीनीकरण किया गया है।
नवीनीकरण के बाद, जिम मालिक ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर कथित तौर पर घोषणा की कि इस जिम में एक बड़ा बदलाव किया जाएगा ताकि यह पूरी तरह से ‘‘इस्लाम-अनुकूल’’ बन सके।
मालिक ने कथित तौर पर यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय केवल लाभ कमाने या अधिक आय अर्जित करने के उद्देश्य से नहीं लिया गया था।
मालिक ने कथित तौर पर कहा कि हालांकि जिम में सभी धर्मों के लोगों के आने की अनुमति होगी, बशर्ते वे नियमों का पालन करने के लिए तैयार हों।
इन नियमों के तहत जिम के अंदर संगीत बजाने की अनुमति नहीं होगी।
पुरुष और महिलाएं एक साथ व्यायाम नहीं करेंगे और उनके लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया जाएगा।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव