केरल के मुख्यमंत्री के फैसले में देरी स्वाभाविक, इससे किसी को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए: जोसेफ वाजक्कन

Ads

केरल के मुख्यमंत्री के फैसले में देरी स्वाभाविक, इससे किसी को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए: जोसेफ वाजक्कन

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 11:56 AM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 11:56 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 14 मई (भाषा) कांग्रेस नेता जोसेफ वाजक्कन ने बृहस्पतिवार को कहा कि केरल के अगले मुख्यमंत्री का फैसला करने में हो रही देरी स्वाभाविक है और इससे किसी को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।

संवाददाताओं से बात करते हुए वाजक्कन ने कहा कि निर्णय इस तरह लिया जाना चाहिए जिससे किसी भी नेता को दुख न हो।

उन्होंने कहा, ‘यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को ठेस न पहुंचे, थोड़ा समय लग रहा है।’

वाजक्कन ने कहा कि इस पद के लिए वी.डी. सतीशन, रमेश चेन्निथला और के.सी. वेणुगोपाल के नामों पर विचार किया जा रहा है और अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान को लेना है।

वाजक्कन के अनुसार, एक से अधिक नामों का चर्चा में होना स्वाभाविक है और वे यह अनुमान नहीं लगा सकते कि किसे चुना जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘यह कोई बड़ी देरी नहीं है। पहले भी ऐसी देरी हुई है, जिसमें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के मुख्यमंत्री का चयन भी शामिल है। जब समान कद के नेताओं के नामों पर विचार किया जाता है, तो समय लगना स्वाभाविक है। फैसला लेते समय कोई गलती नहीं होनी चाहिए।’

चेन्निथला के करीबी माने जाने वाले वाजक्कन ने कहा कि हरिपाद के विधायक (चेन्निथला) एक वरिष्ठ नेता और योग्य उम्मीदवार हैं।

उन्होंने कहा, ‘सभी उम्मीदवारों ने अपनी योग्यताएं पेश की हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। फैसला आलाकमान को ही करना है।’

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तिरुवनंतपुरम में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक स्थगित नहीं की जाएगी और ‘यदि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नेताओं के आगमन में देरी होती है, तो बैठक के समय में कुछ घंटों का बदलाव किया जा सकता है, लेकिन इसे आगे नहीं टाला जाएगा।’

एआईसीसी नेतृत्व के बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम पहुंचने की उम्मीद है, जहां वे विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा करेंगे, जो केरल के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा