केरल: कन्नूर में छात्र की आत्महत्या मामले में डेंटल कॉलेज का विभागाध्यक्ष गिरफ्तार
केरल: कन्नूर में छात्र की आत्महत्या मामले में डेंटल कॉलेज का विभागाध्यक्ष गिरफ्तार
कन्नूर, 20 जुलाई (भाषा) कन्नूर के एक निजी डेंटल कॉलेज में एक छात्र की कथित आत्महत्या मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने मुख्य आरोपी, डेंटल एनाटॉमी विभाग के प्रमुख को कर्नाटक के कोडागु से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के चित्तूर निवासी एम. कोंडंडा राम के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को 13 जुलाई को उच्चतम न्यायालय द्वारा उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद हिरासत में लिया गया।
पीड़ित नितिन राज अंजाराकांडी स्थित निजी डेंटल कॉलेज का छात्र था और 10 अप्रैल को कॉलेज परिसर की एक इमारत से गिरने के बाद वह मृत पाया गया था। इसे संदिग्ध आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
जांच के अनुसार, अनुसूचित जाति समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राज को कक्षा में कोंडंडा राम ने अपमानित किया और धमकाया था।
अपराध शाखा के अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में राम के पैतृक स्थान आंध्र प्रदेश पहुंची एक टीम को पता चला कि वह बेंगलुरु स्थानांतरित हो गया है। आगे की जांच में पता चला कि वह कर्नाटक के कोडागु में छिपा है।
अधिकारियों ने बताया कि उसे रविवार रात उसके ठिकाने से हिरासत में लिया गया और कन्नूर स्थित अपराध शाखा कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. वी. वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि जांच दल द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद राम को सोमवार सुबह 7:20 बजे कन्नूर स्थित अपराध शाखा कार्यालय में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी से विस्तार से पूछताछ की जा रही है। कानूनी औपचारिकताएं और चिकित्सकीय जांच पूरी करने के बाद उसे आज ही अदालत में पेश किया जाएगा।’’
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


