अलग मुवाट्टुपुझा जिला बनाने की मांग पर विचार करेगी केरलम सरकार: मुख्यमंत्री सतीशन
अलग मुवाट्टुपुझा जिला बनाने की मांग पर विचार करेगी केरलम सरकार: मुख्यमंत्री सतीशन
कोच्चि, 23 अगस्त (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार अलग मुवाट्टुपुझा जिला बनाने की मांग पर विचार करेगी।
वह यहां मुवाट्टुपुझा नगर निकाय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले, मुवाट्टुपुझा के विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के 10 साल के शासन के दौरान इस क्षेत्र की उपेक्षा की गई और उन्होंने अलग मुवाट्टुपुझा जिला बनाने की मांग दोहराई।
मुवाट्टुपुझा वर्तमान में एर्नाकुलम जिले का हिस्सा है और इडुक्की जिले की सीमा के करीब स्थित है। एर्नाकुलम जिले के पूर्वी हिस्सों और इडुक्की जिले के निचले इलाकों को मिलाकर अलग मुवाट्टुपुझा जिला बनाने की लंबे समय से मांग की जा रही है।
सतीशन ने कहा कि उन्होंने मुवाट्टुपुझा विधायक द्वारा उठाई गई शिकायतों और समस्याओं का संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (कुझलनादन ने) बताया कि लंबे समय से इस क्षेत्र को हाशिये पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि बदले की भावना से यहां विकास कार्यों को रोक दिया गया और बाधित किया गया। मैं सिर्फ एक बात कह रहा हूं। इन सभी शिकायतों और चिंताओं का समाधान किया जाएगा।’’
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


